बिना मैदा के फूले-फूले भटूरे: गेहूं और सूजी से बनाएं सेहतमंद और स्वादिष्ट भटूरे.

भटूरे का नाम सुनते ही सबसे पहले मैदा का ख्याल आता है, जो स्वाद में तो लाजवाब होता है लेकिन सेहत के लिए भारी पड़ सकता है। इसी वजह से कई लोग भटूरे खाने से परहेज करते हैं। हालांकि अब सोशल मीडिया पर रश्मि कौशिक द्वारा शेयर की गई एक खास रेसिपी ने इस समस्या का हल निकाल दिया है। इस आसान और सेहतमंद तरीके से आप बिना मैदा के भी घर पर बाजार जैसे फूले-फूले और कुरकुरे भटूरे बना सकते हैं।

इस रेसिपी में गेहूं के आटे और सूजी का संतुलित मिश्रण तैयार किया जाता है, जिसे दही और बेकिंग सोडा के साथ फर्मेंट किया जाता है। सूजी भटूरों को हल्का कुरकुरापन देती है, जबकि आटे को अच्छी तरह पटक-पटक कर गूंथने से उसमें मैदे जैसा लचीलापन आ जाता है। सबसे पहले एक परात में एक कटोरी ताजा दही लें, ध्यान रखें कि दही ज्यादा खट्टा न हो। इसमें एक चम्मच चीनी, स्वादानुसार नमक और एक चौथाई चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। चीनी भटूरों को सुनहरा रंग देने में मदद करती है, जबकि बेकिंग सोडा फर्मेंटेशन को तेज करता है।

अब इस मिश्रण में एक-तिहाई कप बारीक सूजी डालें और अच्छे से मिलाकर करीब 15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। यह स्टेप बेहद अहम है, क्योंकि इससे गेहूं के आटे के भटूरे सख्त नहीं बनते। इसके बाद एक चम्मच तेल और दो कप गेहूं का आटा मिलाएं। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए बारीक कटी हरी धनिया भी मिला सकते हैं।

आटा गूंथने के बाद उसे सामान्य तरीके से छोड़ने के बजाय 4-5 मिनट तक परात या किचन काउंटर पर पटक-पटक कर लचीला बनाएं। इससे ग्लूटेन एक्टिवेट होता है और भटूरे बेलते समय फटते नहीं हैं। अब आटे को गीले कपड़े से ढककर कम से कम 10 मिनट के लिए रेस्ट दें। इससे आटा और ज्यादा मुलायम हो जाएगा और लोई बनाते समय दरारें नहीं आएंगी।

इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बनाकर सामान्य भटूरों की तरह बेल लें। कढ़ाही में तेल अच्छी तरह गरम कर लें और भटूरे डालकर हल्का दबाते हुए तलें। गरम तेल में डालते ही भटूरे गुब्बारे की तरह फूलेंगे और सुनहरे होकर तैयार हो जाएंगे। इस तरह आप बिना मैदा के भी स्वाद और सेहत का बेहतरीन संतुलन पा सकते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts