होली पर्व को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

मुजफ्फरनगर। आगामी पर्व होली को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत द्वारा पुलिस बल के साथ थाना सिविल लाइन क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों, संवेदनशील स्थानों तथा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक नगर ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।

इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर पुलिस ने आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। लोगों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध सूचना मिले तो उसकी पुष्टि पुलिस या प्रशासन से अवश्य करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का भी आग्रह किया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि होली के दौरान जनपद में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि नागरिक निर्भय होकर त्योहार का आनंद उठा सकें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts