मुजफ्फरनगर जनपद के थाना सिखेड़ा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बेहड़ा अस्सा में रैम्प को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार पहले से रैम्प को लेकर विवाद में दोनों पक्षों को पाबंद किया गया था, लेकिन 10 मई 2025 को सुमित पुत्र रनवीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर जोगेन्द्र पुत्र धर्म सिंह के घर के आगे बने रैम्प को ट्रैक्टर से तोड़ दिया। इसके बाद वे घर में घुस गए और जोगेन्द्र के साथ मारपीट कर फायरिंग भी की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सिखेड़ा पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 57/2025 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 190, 333, 352, 115(2), 109(1) में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।















