मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच राहगीरों, श्रमिकों और आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा मेरठ रोड स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट के मुख्य द्वार के सामने वार्षिक प्याऊ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनसेवा की भावना से शुरू किए गए इस शिविर का उद्घाटन नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और फेडरेशन के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान प्याऊ सेवा जैसे जनहितकारी कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने फेडरेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए जाने वाले ऐसे प्रयास प्रशासनिक कार्यों को मजबूती प्रदान करते हैं और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने वाली इस प्रकार की सेवाएं समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा शिविर प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में संचालित किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाना है। शिविर में आने-जाने वाले सभी लोगों को निःशुल्क शीतल जल और मीठा शरबत उपलब्ध कराया जाएगा। फेडरेशन अध्यक्ष नीलकमलपुरी ने कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है और समय-समय पर विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन करती रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।कोषाध्यक्ष आशीष बंसल ने बताया कि शिविर के संचालन में विभिन्न संस्थाओं और सहयोगकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। टिकोला शुगर मिल के स्वामी अमित स्वरूप द्वारा चीनी उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि टेंट की व्यवस्था गांधी टेंट हाउस द्वारा की गई है। आयोजकों के अनुसार यह सेवा शिविर पूरे माह संचालित रहेगा और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में फेडरेशन के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सह सचिव आशीष गर्ग, उपाध्यक्ष अश्वनी मित्तल एवं राकेश जैन, पंकज मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अंकित संगल, अशोक अग्रवाल, जीशान अहमद, सत्य प्रकाश, रिशु, सरदार अहमद, अमित गर्ग, शशांक मित्तल, शारिक सुल्तान, आकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















