मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के शिवपूरी मोहल्ले में दहेज प्रताड़ना का दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 26 वर्षीय नवविवाहिता गोल्डी उर्फ आकांक्षा, पत्नी मयंक शर्मा, ने ससुराल में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। खास बात यह रही कि आत्महत्या से पहले गोल्डी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर सास, ननद और पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक पोस्ट डाली थी। यही नहीं, उसने अपने जीवन को समाप्त करने की मंशा भी जाहिर की थी। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि गोल्डी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसकी जान लेकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।भोपा गांव निवासी सुबोध शर्मा की पुत्री गोल्डी का विवाह 30 जनवरी 2025 को मयंक शर्मा से हुआ था। परिजनों का कहना है कि विवाह के बाद से ही गोल्डी को ससुराल में सास, ननद, देवर और पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार उसके साथ मारपीट भी हुई। गोल्डी ने इस बात की शिकायत अपने पिता से भी की थी, लेकिन उन्होंने रिश्तों को बनाए रखने के लिए समझा–बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की। मगर प्रताड़ना का सिलसिला खत्म नहीं हुआ। अंततः मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर गोल्डी ने यह कदम उठा लिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।गोल्डी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गोल्डी को योजनाबद्ध तरीके से मारा गया और इसे आत्महत्या की शक्ल दी गई है। लोगों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है। शादी के महज कुछ महीनों बाद ही एक युवा महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। गोल्डी की मौत ने क्षेत्र में गहरा आक्रोश और शोक पैदा कर दिया है। परिजन अब न्याय की गुहार लगा रहे हैं और पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करने का दबाव बना रहे हैं।















