गुरुग्राम में एक दर्दनाक वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। नेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उसके ही पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक ओर जहां दीपक यादव अपनी बेटी की उपलब्धियों पर गर्व करता था, वहीं दूसरी ओर ऐसा क्या हुआ कि वही पिता खून से रंगे हाथों के साथ पुलिस हिरासत में पहुंच गया?
पुलिस जांच में सामने आया है कि राधिका और उनके पिता के बीच बीते कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि राधिका अपने करियर को लेकर कुछ फैसले खुद लेना चाहती थी, जिससे पिता नाराज़ थे। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर दीपक यादव ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी।
घटना के तुरंत बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने दीपक यादव को हिरासत में ले लिया। राधिका को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
राधिका ने हाल ही में एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीता था और उसका सपना था कि वह भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करे। इस हृदयविदारक घटना ने खेल जगत को भी स्तब्ध कर दिया है। लोगों में सवाल है कि जिस बेटी की कामयाबी पर पिता को गर्व था, आखिर उसने उसे मौत क्यों दे दी?















