कुकड़ा में बिजली कनेक्शन घोटाले का आरोप, किसानों का हाईवे पर प्रदर्शन,

मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र के कुकड़ा गांव स्थित अहमदनगर कॉलोनी में अवैध बिजली कनेक्शन देने और बाद में उन्हें हटाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर स्थित विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले कॉलोनी में एक पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

आरोप है कि कॉलोनी के 8 से 10 लोगों ने नियमित प्रक्रिया के तहत बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन विभागीय कर्मचारियों द्वारा उन्हें कनेक्शन देने के बजाय 2 से 2.5 लाख रुपये तक की मांग की गई। किसानों का कहना है कि कुछ लाइनमैन और संविदा कर्मियों ने अवैध रूप से पैसे लेकर कनेक्शन दिए, लेकिन बाद में शिकायत होने पर उन्हीं कनेक्शनों के मीटर उखाड़ लिए गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चौधरी शाह आलम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 8 से 10 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को वैध बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराए गए, तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को मजबूर होगा। वहीं मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी मांगों को बुलंद किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts