मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) द्वारा आज शाकुंतलम कॉलोनी, आवास विकास में किसान गोष्ठी का आयोजन कर किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। गोष्ठी की अध्यक्षता गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह मलिक ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष शहजाद राव ने किया। इस अवसर पर आयोजित व्याख्यान माला में वक्ताओं ने किसान मसीहा टिकैत के संघर्षों और योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रवक्ता चौधरी धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि आज के दिन किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत ने इस पृथ्वी लोक पर जन्म लेकर किसानों को संगठित करने और उनकी आवाज बुलंद करने का कार्य किया। उन्होंने किसानों के हितों के लिए जीवनभर संघर्ष किया और नीतियों के माध्यम से किसान एकता का सशक्त संदेश दिया। धर्मेंद्र मलिक ने केंद्र सरकार से मांग की कि किसान वर्ग में चेतना जगाने वाले इस महापुरुष को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि टिकैत साहब ने सभी खापों को एक मंच पर लाकर किसानों की समस्याओं को सरकारों तक पहुंचाने का बड़ा कार्य किया। उन्होंने किसानों को अपनी बात कहने का साहस दिया और उनकी एकता को मजबूत बनाया। आज देश को फिर से एक बड़े किसान आंदोलन की जरूरत है जो नीति निर्धारण में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करे।
गोष्ठी में मुख्य रूप से शहजाद राव, दुष्यंत मलिक, नौशाद मलिक, अरमान, शाहनूर अली, अशोक कुमार सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे जिन्होंने टिकैत साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।















