व्यापार बंधु बैठक में व्यापारिक समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, पीएम को सौंपा गया ज्ञापन

मुजफ्फरनगर आईटीआई सभागार में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार व्यापार बंधु की बैठक सीडीओ कमल किशोर कंडारकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के व्यापारियों ने जीएसटी, गुड़ मंडी, माप-तौल, विद्युत सप्लाई, आवारा कुत्तों, बंदरों और मच्छरों जैसी 20 से अधिक समस्याओं को विस्तार से उठाया। इस अवसर पर व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सीडीओ को सौंपा। ज्ञापन में सितंबर माह के जीएसटी रिटर्न को 21 सितंबर तक स्वीकार करने और 22 सितंबर से जीएसटी दरों में हुए परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अक्टूबर माह के साथ जोड़ने की मांग की गई। व्यापारियों ने उन वस्तुओं पर पुरानी दरों से भुगतान किए गए स्टॉक पर कर वापसी की भी मांग रखी, जिन पर हाल ही में कर की दरें घटाई गई हैं। इसके अलावा 2500 रुपये से अधिक मूल्य के रेडीमेड वस्त्रों पर जीएसटी दर 12% से बढ़ाकर 18% किए जाने का विरोध जताया गया, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों की बेटियों की शादी में लहंगा जैसे वस्त्र महंगे हो गए हैं। व्यापारियों ने कैंपिंग की सीमा 2500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने की मांग भी की।

स्थानीय समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अजय सिंघल ने विद्युत आपूर्ति में बाधाओं को दूर करने, मच्छर, बंदर और कुत्तों के प्रकोप से निजात दिलाने, शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने और सिटीजन चार्टर लागू करने की मांग की। बैठक में अजय कुमार सिंघल, श्याम सिंह सैनी, संजय मित्तल, दिनेश बंसल, मोहन तायल, अनिल तायल, महेश चौहान, विश्वदीप गोयल बिट्टू, कृष्ण गोपाल, शलभ गुप्ता और सुनील तायल सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts