18 फरवरी को मनाया जाएगा किसान दिवस,

मुजफ्फरनगर। जनपद में किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें कृषि विभाग से जुड़ी योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 फरवरी 2026, दिन को किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस जनपद स्तर पर आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में फरवरी माह का किसान दिवस दोपहर 12:00 बजे से जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित होगा। इसके साथ ही विकास खंड स्तर पर भी प्रत्येक खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकें।

किसान दिवस का मुख्य उद्देश्य किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराना है। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, गन्ना, भूमि संरक्षण, सहकारिता, कृषि विपणन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। किसान अपनी फसल बीमा, उर्वरक उपलब्धता, बीज वितरण, सिंचाई व्यवस्था, गन्ना भुगतान, विद्युत आपूर्ति, कृषि यंत्र अनुदान, पशु चिकित्सा सेवाएं तथा अन्य योजनाओं से संबंधित समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे किसानों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त किसान दिवस के अवसर पर कृषि क्षेत्र से जुड़े विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी किसानों को दी जाएगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, कृषि यंत्रीकरण योजना, जैविक खेती प्रोत्साहन कार्यक्रम, पशुपालन एवं डेयरी विकास योजनाओं सहित अन्य लाभकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अनुदान संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों द्वारा किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के उपयोग, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण के उपायों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर किसान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि किसान दिवस किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और किसानों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके,

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts