मुज़फ्फरनगर में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य योजना के अंतर्गत युवाओं को दिए जा रहे ऋण की प्रगति की समीक्षा करना और निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि का मूल्यांकन करना था। समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि जिले में योजना के तहत स्वीकृत किए गए ऋणों की संख्या तय लक्ष्य की तुलना में काफी कम है, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की मंशा युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, लेकिन बैंक स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाने के कारण योजना का लाभ पात्र युवाओं तक समय पर नहीं पहुंच पा रहा है।
बैठक में बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक और बैंक ऑफ इंडिया की प्रगति विशेष रूप से असंतोषजनक पाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित बैंकों के उदासीन रवैये पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने उपस्थित शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें और पात्र आवेदकों के ऋण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन में तकनीकी या दस्तावेजी कमी है तो आवेदक को तत्काल सूचित कर उसका समाधान कराया जाए, न कि फाइलों को लंबित रखकर लक्ष्य पूर्ति में बाधा उत्पन्न की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। ऐसे में बैंकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं को ऋण स्वीकृत करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी समीक्षा बैठक तक प्रगति में संतोषजनक सुधार नहीं दिखा तो संबंधित शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों की सूची तैयार करें और नियमित मॉनिटरिंग करें। साथ ही, योजना के प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया ताकि अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकें। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने और सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं को सफल बनाने की हिदायत दी।















