किसानों को खाद-बिजली संकट, झूठी वीसीआर और ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें; नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से हस्तक्षेप की मांग

अलवर जिले में किसानों को समय पर खाद और बिजली उपलब्ध न होने की गंभीर समस्या सामने आ रही है। डीएपी और यूरिया उर्वरक की कमी के साथ ही बिजली विभाग द्वारा दिन में निर्धारित छह घंटे की सतत सप्लाई न देने से किसान बेहद परेशान हैं। इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के किसानों ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से मुलाकात कर अपनी व्यथा बताई और मांग की कि वे सरकार व संबंधित मंत्रियों पर दबाव बनाकर इस संकट का समाधान करवाएं।

किसान जगन सिंह, बच्चन सिंह, करण सिंह, खुशीराम गुर्जर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें आवश्यकतानुसार डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मजबूरी में किसानों को ब्लैक मार्केट से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों ने बताया कि बिजली आपूर्ति भी रात के समय दी जा रही है, वह भी लगातार नहीं। तीन घंटे बिजली देने के बाद कटौती कर दी जाती है और फिर कुछ घंटों बाद पुनः आंशिक सप्लाई की जाती है। सर्दी के मौसम में रात में सिंचाई करना किसानों के लिए बेहद कठिन हो रहा है। किसानों का कहना था कि इस व्यवस्था के कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं और उत्पादन पर सीधा असर पड़ रहा है।

मालाखेड़ा क्षेत्र के किसानों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विभाग के अधिकारी वास्तविक बिजली आपूर्ति किए बिना ही झूठी वीसीआर भर रहे हैं। किसानों का कहना था कि जब बिजली आती ही नहीं है, तो विभाग उनकी खपत या अनियमितता के नाम पर वीसीआर कैसे जारी कर सकता है। किसानों ने मांग की कि ऐसे अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही हो और किसान-हित में पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी सरकार को समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के लिए कई बार पत्र लिखे हैं, लेकिन सरकार किसान विरोधी रवैया अपनाए हुए है और उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। जूली ने कहा कि जब क्षेत्र में बिजली सप्लाई ही नहीं दी जा रही, तब बिजली विभाग के अधिकारी किस आधार पर वीसीआर भर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस पूरे मामले को ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा और किसानों को राहत दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts