मुजफ्फरनगर के उप कृषि निदेशक ने जिले के सभी किसानों को जानकारी दी है कि भारत सरकार की एग्रीस्टैक परियोजना के तहत अब फार्मर रजिस्ट्री बनाई जानी है। इस प्रक्रिया में किसानों की सभी भूमियों के रिकॉर्ड को आधार से जोड़ा जाएगा। इसके बाद किसानों को एक फार्मर आईडी युक्त गोल्डन कार्ड दिया जाएगा, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
इस कार्ड के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, क्षतिपूर्ति आकलन और भुगतान की प्रक्रिया सरल होगी। चकबंदी वाले गांवों और जिन किसानों का डेटा मिसमैच है, उन्हें छोड़कर अन्य सभी किसान नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर निर्धारित शुल्क देकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं।इसके लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और खतौनी की छायाप्रति साथ लेकर जाना होगा। जो किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराएंगे, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी 19वीं किस्त का लाभ नहीं मिलेगा। इसलिए सभी किसानों से अनुरोध है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवाएं।















