मुजफ्फरनगर के उप कृषि निदेशक ने जानकारी दी है कि जिले के सभी किसानों के लिए 1 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक गांव में अलग-अलग तिथियों पर कैंप आयोजित कर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जाएगी।
फार्मर रजिस्ट्री के तहत किसानों की सभी भूमियों के रिकॉर्ड को आधार से जोड़ा जाएगा। इसके बाद किसानों को एक विशेष फार्मर आईडी युक्त गोल्डन कार्ड जारी किया जाएगा। इस कार्ड के जरिए किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, क्षतिपूर्ति का आकलन व भुगतान जैसी योजनाओं का लाभ लेना आसान हो जाएगा।
जिले के सभी किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने गांव में आयोजित कैंपों में पहुंचकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवाएं। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और खतौनी की छायाप्रति लानी होगी।
जो किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं करवाएंगे, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी 20वीं किश्त का लाभ नहीं मिलेगा। इसलिए सभी किसानों से जल्द से जल्द रजिस्ट्री करवाने की अपील की गई है।















