मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना पुलिस ने कॉपीराइट का उल्लंघन कर नामी ब्रांड की नकली बीड़ी तैयार करने और बाजार में बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए बड़ी मात्रा में नकली बीड़ी, पैकिंग सामग्री और लेबल बरामद किए हैं। यह कार्रवाई मेरठ जोन और सहारनपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी रतनपुरी राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई। मामले की शुरुआत जेपी टोबाको प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दी गई शिकायत से हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि ग्राम सठेड़ी निवासी रितेश पुत्र जिले सिंह कंपनी के संपत्ति चिन्ह का अवैध उपयोग कर टार्जन बीड़ी, टेलीफोन बीड़ी और 502 पताका बीड़ी के नकली ब्रांड तैयार कर रहा है।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर कॉपीराइट एक्ट का उल्लंघन करते हुए नकली उत्पाद बाजार में बेच रहा था। तहरीर के आधार पर थाना रतनपुरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान छह जूट के बोरों में पैक बड़ी मात्रा में बीड़ी, एक लाल बोरे में पताका 502 बीड़ी के ढीले बंडल, एक हरे बोरे में 106 पुड़े तैयार बीड़ी तथा एक पीले बोरे में टार्जन बीड़ी और पताका 502 बीड़ी के पंच लेबल, रैपर और झिल्ली बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग नकली ब्रांड तैयार कर बाजार में खपाने के लिए किया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई जारी है। पुलिस बरामद सामग्री की कीमत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।























































