कांवड़ मार्ग पर डीएम-एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था.

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना मीरापुर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए यातायात व्यवस्था को हर समय सुचारु बनाए रखा जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे। अधिकारियों ने आमजन और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने तथा सभी व्यवस्थाओं को समन्वय के साथ संचालित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण कर प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उसका समाधान किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद से गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले तथा कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts