शहर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

मुजफ्फरनगर में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी और नगर पालिका परिषद द्वारा एक अहम पहल की गई। अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस 25 दिसंबर के अवसर पर शहर के प्रमुख मीनाक्षी चौक का नाम बदलकर ‘अटल चौक’ रखने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही बुधवार को अटल जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

भाजपा के मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद ने मीनाक्षी चौक का नाम ‘अटल चौक’ रखने का प्रस्ताव पारित किया है। इस अवसर को विशेष बनाने के लिए अटल चौक से शिव मूर्ति तक स्वच्छता श्रमदान अभियान आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

स्वच्छता अभियान के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में सभी ने स्वयं झाड़ू लगाकर सड़क की सफाई की। अटल चौक से शिव चौक तक चले इस अभियान में नगर पालिका के सफाई मित्रों के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित करना रहा।

अभियान के दौरान सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन किया गया और स्वच्छ शहर के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सफाई मित्र शहर की रीढ़ हैं और उनके बिना स्वच्छ एवं सुंदर नगर की कल्पना अधूरी है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेई के जीवन और उनके राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि संवेदनशील कवि, विचारक और ओजस्वी वक्ता भी थे, जिन्होंने भारतीय राजनीति को नई गरिमा और दिशा दी। स्वच्छता, अनुशासन और नागरिक कर्तव्यों के प्रति उनकी सोच आज भी प्रेरणास्रोत है। उनके नाम पर चौक का नामकरण और स्वच्छता अभियान चलाना उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस अवसर पर भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अशोक कंसल, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, अभियान संयोजक सुधीर खटीक, मोहन तायल, बिजेंद्र पाल, नन्दकिशोर, प्रवीण खेडा, अमित वत्स, डॉ. पुरुषोत्तम गौतम, सभासद हिमांशु गोयल सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अटल बिहारी वाजपेई के विचारों को आत्मसात करने और स्वच्छ, सुंदर व विकसित मुजफ्फरनगर के निर्माण का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts