मुज़फ्फरनगर। भारत सरकार द्वारा घोषित वीर बाल दिवस के अवसर पर सर्कुलर रोड स्थित एम.जी. पब्लिक स्कूल में एक भव्य, गरिमामय और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सिख इतिहास के अमर नायकों गुरु गोविन्द सिंह के चार साहिबज़ादों—साहिबज़ादा अजीत सिंह, साहिबज़ादा जुझार सिंह, साहिबज़ादा ज़ोरावर सिंह और साहिबज़ादा फ़तेह सिंह—की अद्वितीय वीरता, त्याग, धर्मनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवाणी पाठ और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में श्रद्धा और गौरव का वातावरण देखने को मिला। अपने संबोधन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि साहिबज़ादों ने अत्यंत कम आयु में जिस अद्भुत साहस और आत्मबल का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास का एक प्रेरणादायक अध्याय है।
उन्होंने कहा कि धर्म और सत्य की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान आज भी देशवासियों को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।मंत्री ने कहा कि वीर बाल दिवस केवल अतीत की स्मृति का दिन नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों और कर्तव्यबोध से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे साहिबज़ादों के जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, साहस, अनुशासन, सेवा और त्याग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब युवा पीढ़ी अपने इतिहास और बलिदानों से सीख लेकर आगे बढ़े।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने सभी उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। नाट्य मंचन के माध्यम से साहिबज़ादों के बलिदान की गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इसके साथ ही कविताओं, सबद गायन और प्रेरणादायक वक्तव्यों ने वातावरण को और भी भावुक बना दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा।
















