मुजफ्फरनगर में वीर बाल दिवस कार्यक्रम आयोजित, प्रधानमंत्री के उद्बोधन का लाइव प्रसारण देखा गया

मुजफ्फरनगर में विकास भवन के सभागार में भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के उद्बोधन का सीधा लाइव प्रसारण सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, बच्चों एवं आमजन द्वारा देखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की नई पीढ़ी को साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से जोड़ना रहा।बाल दिवस एवं गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण द्वारा किया गया। कार्यक्रम में धर्म और मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले गुरु गोबिंद सिंह जी के सुपुत्र साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी लोगों ने उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में सर्वप्रथम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के संदेश का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें उन्होंने वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों में नैतिक मूल्यों, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों को विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री के उद्बोधन का प्रसारण हुआ, जिसमें उन्होंने देश के इतिहास में बाल वीरों के योगदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपने गौरवशाली अतीत से सीखने का अवसर मिलता है।महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित यह लाइव प्रसारण केवल विकास भवन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में भी इसे सामूहिक रूप से देखा गया। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बच्चों को भी कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर मिला।इस अवसर पर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत तीन बालिकाओं को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे बालिकाओं के शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही बल सेवा योजना कोविड के अंतर्गत एक बालक को लैपटॉप वितरित किया गया, जिससे उसकी शिक्षा में सहायता मिल सके।कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई गई। इस शपथ के माध्यम से समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही अर्वाचीन भारती भवन इंटर कॉलेज के बालक एवं बालिकाओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। संपूर्ण आयोजन प्रेरणादायी, अनुशासित और भावनात्मक रूप से प्रभावशाली रहा, जिसने सभी उपस्थित लोगों के मन में राष्ट्र और समाज के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts