मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में भावुक विदाई समारोह, 11 पुलिसकर्मी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त

मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के 11 पुलिसकर्मियों के सेवानिवृत्त होने पर एक गरिमामय और भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। दशकों तक कानूनव्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले इन पुलिसकर्मियों को उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और निष्ठावान सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान माहौल भावनाओं से भरा रहा, जहां सहकर्मियों और परिजनों की आंखें नम दिखीं।विदाई समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सेवानिवृत्त होने वाले सभी पुलिसकर्मियों को फूलमालाएं पहनाकर, उपहार और स्मृति चिन्ह भेंट किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का भाव है। सेवानिवृत्त हो रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने लंबे कार्यकाल में केवल कानूनव्यवस्था को मजबूत किया बल्कि विभाग की गरिमा और विश्वास को भी बनाए रखा। उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों का अनुभव और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।एसएसपी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के कठिन परिश्रम, ईमानदारी और अनुशासित सेवा की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग उनके योगदान को सदैव याद रखेगा। उन्होंने सभी को स्वस्थ, सुखद और सम्मानजनक भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभाग के साथ बिताए गए पलों को याद किया।सेवानिवृत्त होने वालों में फुगाना के क्षेत्राधिकारी नीरज सिंह प्रमुख रहे। उनके साथ अभिसूचना इकाई की महिला उपनिरीक्षक अनीता चौहान, डायल-112 के नरेंद्रपाल सिंह, थाना रामराज के शिवदत्त सिंह, थाना सिविल लाइन के नरवीर सिंह, कोतवाली नगर के बने सिंह, रिजर्व पुलिस लाइन के राजवीर सिंह और किशनलाल, सम्मन सेल के जितेंद्र सिंह, बुढ़ाना फायर स्टेशन के एफएसएसओ अंतराम सिंह तथा लीडिंग फायरमैन मुन्नेलाल शामिल रहे। सभी को ससम्मान विदाई दी गई।इस अवसर पर एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन मौजूद रहे। सभागार तालियों की गूंज और शुभकामनाओं से भर गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें यादगार पलों के साथ विदा किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts