प्रयागराज। बिजली विभाग को वर्ष 2023-24 में आवासीय और व्यवसायिक कनेक्शनधारियों से 1191 करोड़ रुपए राजस्व की प्राप्ति हुई है। यह राशि पिछले वर्ष 2022-23 से करीब 12 फीसदी अधिक है। वर्ष 2022-23 में विभाग ने एक हजार 48 करोड़ राजस्व वसूल किया था।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन के आदेशों और विभाग के स्तर से अभियान चलाने का नतीजा है कि इस बार पिछले वर्ष से अधिक राजस्व की प्राप्ति हुई है। हालांकि राजस्व वसूली मामले में खराब प्रदर्शन करने वाले डिवीजनों पर कार्रवाई करने की भी तैयारी चल रही है। सबसे अधिक राजस्व देने वाला मेयोहाल और नैनी डिवीजन है जहां एक वर्ष के भीतर कुल 467 करोड़ यानी कुल राजस्व का 39.21 फीसदी प्राप्त हुआ है।सबसे कम राजस्व लाने के मामले में करेलाबाग और कल्याणी देवी डिवीजन है जहां विभागीय अधिकारियों के लाख प्रयासों के बाद भी सिर्फ 184 करोड़ यानी कुल राजस्व का 15 फीसदी प्राप्त हो सका है।















