जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बुधवार दोपहर बाद पहाड़ी क्षेत्रों में जोरदार बर्फबारी दर्ज की गई। नए साल से पहले हुई इस बर्फबारी ने पूरे कश्मीर घाटी को सफेद चादर में ढक दिया, जिससे पर्यटन स्थलों की खूबसूरती और बढ़ गई। गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और आसपास के इलाकों में बर्फबारी का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे, जिससे होटल, टैक्सी, गाइड और अन्य पर्यटन से जुड़े व्यवसायों में रौनक लौट आई है।
हालांकि, बर्फबारी के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। एहतियातन प्रशासन ने कई प्रमुख पर्वतीय मार्गों पर यातायात बंद कर दिया है। किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग, बांदीपोरा-गुरेज, श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी और कुपवाड़ा-करनाह मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। संबंधित विभागों की ओर से बर्फ हटाने का कार्य जारी है और मौसम साफ होते ही मार्ग खोलने की कोशिश की जा रही है।बर्फबारी के कारण तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान –1.6 डिग्री दर्ज किया गया। पहलगाम में अधिकतम तापमान 9.0 डिग्री और घाटी के अन्य हिस्सों में दिन का तापमान 9 से 10 डिग्री के आसपास रहा। ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़ों और हीटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट
जम्मू में अधिकतम तापमान 19.4 और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान – 1.2, श्रीनगर में 1.0, भद्रवाह में 3.8, बनिहाल में 5.0, बटोत में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ऊंची पहाड़ियों पर लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में भी तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है.
यात्रियों के लिए राहत
नए साल से पहले कश्मीर में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बड़ा कदम उठाया है. रेलवे की तरफ से विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04082/04081 के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है.रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह ट्रेन पांच जनवरी तक चलेगी. यह ट्रेन नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए चलाई जा रही थी, जिसे अब 31 दिसंबर के बजाय चार जनवरी 2026 तक चलाया जाएगा. वहीं ट्रेन संख्या 04082 एक जनवरी के बजाय पांच जनवरी तक चलेगी.















