भीषण गर्मी का कहर: दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप से बचें,

मुजफ्फरनगर। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट वेव के प्रभाव को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच खुली धूप में निकलना स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इस दौरान लापरवाही बरतने पर हीट स्ट्रोक की चपेट में आने का खतरा बढ़ जाता है, जो कई बार जानलेवा भी हो सकता है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में बढ़ती गर्मी का असर केवल लोगों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में जनहानि को रोकने और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें तथा शरीर को गर्मी से बचाने के लिए पर्याप्त सावधानी बरतें।प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार लोगों को घर की निचली मंजिल पर रहने, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनने तथा बासी एवं दूषित भोजन से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, यात्रा के दौरान पानी साथ रखने और खुले में कार्य करते समय सिर व चेहरे को गीले कपड़े, टोपी, गमछे या छाते से ढकने की सलाह भी दी गई है। किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा गया है।

प्रशासन ने बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ने की अपील की है। सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी संस्थान में यह व्यवस्था नहीं पाई जाती है तो संबंधित विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, घबराहट, उल्टी, अधिक पसीना आना तथा बेहोशी हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर गीले कपड़े से शरीर को ठंडा करें और चिकित्सक से संपर्क करें।प्रशासन ने लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील की है। घरों के बाहर, छतों और बालकनी में पानी से भरे बर्तन रखने तथा समय-समय पर पानी बदलते रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के टोल फ्री नंबर 1077, 0131-2436918 और 9412210080 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts