मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव टांडा माजरा में रात एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हे की कथित शराबखोरी और दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग के चलते मंडप में ही रिश्ता टूट गया। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव डूंगर से आई बारात को आखिरकार बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार डूंगर गांव निवासी मांगेराम जाटव के पुत्र शिवम की बारात टांडा माजरा पहुंची थी। बारात का स्वागत पूरे रीति-रिवाज और उत्साह के साथ किया गया। जयमाला की रस्म भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गई, लेकिन फेरों से पहले माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि दूल्हा अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब के नशे में मंडप में पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूल्हा नशे की हालत में ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था और उसने लड़की पक्ष के लोगों तथा मेहमानों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज भी की।
लड़की के पिता शरदामल ने आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष पहले से ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में करीब सात लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन बुलेट देने में असमर्थता जताने पर दूल्हा पक्ष नाराज हो गया। आरोप यह भी है कि विवाद के दौरान दूल्हे पक्ष के एक युवक ने तमंचा दिखाकर धमकी दी। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की किसी घटना की पुष्टि नहीं की है।
दूल्हे की हरकतों और नशे की हालत को देखकर दुल्हन ने साहसिक फैसला लेते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन ने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ जीवन नहीं बिता सकती जिसने शादी जैसे पवित्र अवसर पर शराब पीकर उसके परिवार का अपमान किया हो। उसने अन्य युवतियों से भी अपील की कि वे नशे की लत वाले लड़कों से शादी करने से पहले गंभीरता से विचार करें।
घटना की सूचना मिलने पर नई रसूलपुर दभेड़ी चौकी प्रभारी छविकांत चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। अंततः दुल्हन अपने निर्णय पर कायम रही और बारात को बिना शादी के वापस लौटना पड़ा। पुलिस का कहना है कि यदि लड़की पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना दहेज प्रथा और नशे की बुराइयों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।














