मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का नेशनल हाईवे-58 स्थित मूलचंद रिजॉर्ट में भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक मजबूती तथा आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई।
मीडिया से बातचीत करते हुए नवाब सिंह नागर ने कहा कि मुजफ्फरनगर भाजपा का एक मजबूत संगठनात्मक जनपद है, जहां पार्टी को लगातार अच्छा जनसमर्थन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के सामूहिक प्रयासों के कारण भाजपा ने यहां उल्लेखनीय चुनावी सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले चुनावों में भाजपा कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ काम करेंगे तथा पार्टी को पहले से भी बेहतर परिणाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है। भाजपा कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे ताकि जनता सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों से पूरी तरह अवगत हो सके। उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य जनता के बीच संवाद बढ़ाना और सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में नवाब सिंह नागर ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर और निंदनीय मामला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की एसआईटी द्वारा जांच की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है और उससे जुड़े किसी भी मामले में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
कार्यक्रम की आयोजक भाजपा जिला मंत्री ममता अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवाब सिंह नागर का यह उनके यहां पहला स्वागत कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि इस अवसर को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।















