मुजफ्फरनगर। पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर गंगा घाट पर धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल रहा। जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने विधिवत पूजा–अर्चना कर विशाल शिव भंडारे का शुभारंभ किया। इस दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों और दूर–दराज से पहुंचे शिवभक्तों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया।भंडारे के शुभारंभ से पहले डॉ. वीरपाल निर्वाल ने गंगा घाट पर स्थापित भगवान शिव की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मंत्रोच्चार के बीच पूजा–अर्चना की। उन्होंने भगवान आशुतोष से देश और प्रदेश में सुख–शांति, समृद्धि, आपसी सौहार्द तथा जनकल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पवित्र श्रावण मास और शिवरात्रि के अवसर पर कांवड़ियों व शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है।
भगवान शिव अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।भंडारा शुरू करने के बाद जिला पंचायत प्रशासक ने गंगा घाट और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। देर शाम तक भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर लक्ष्मी निर्वाल, संत लोकदास महाराज, प्रदीप निर्वाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय कौरी, पीतम सैनी, राधेश्याम, भीम, रामकुमार, प्रवेश कुमार, शुभम शर्मा और जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।























































