सिसौली सीएचसी में डॉ. सुनील तेवतिया ने किया निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वयं ओपीडी कर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। सिसौली एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जिनका उन्होंने ध्यानपूर्वक परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याएं बताईं, जिन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उचित उपचार की सलाह दी। मरीजों एवं उनके परिजनों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वयं ओपीडी किए जाने और सरल व्यवहार की सराहना की।

बताया गया कि डॉ. सुनील तेवतिया प्रत्येक बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली में ओपीडी करते हैं। उनके नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से क्षेत्रीय लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। पहले जहां मरीजों को छोटे-छोटे उपचार के लिए जिला अस्पताल या अन्य शहरों की ओर जाना पड़ता था, वहीं अब विशेषज्ञ चिकित्सीय परामर्श सिसौली में ही उपलब्ध हो रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिली है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों की लगातार निगरानी किए जाने से व्यवस्थाओं में सुधार दिखाई दे रहा है। अस्पताल में साफ-सफाई बेहतर हुई है और दवा वितरण व्यवस्था भी पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित हुई है। लोगों ने कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के प्रयासों से आमजन का स्वास्थ्य विभाग के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इसी प्रकार नियमित निरीक्षण और चिकित्सा सेवाओं की निगरानी जारी रही तो ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts