मुजफ्फरनगर में सपा कार्यालय पर धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती,

मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रदेशव्यापी आह्वान पर पार्टी कार्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने की, जबकि मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा और महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा साहब तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों के साथ पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा रचित संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला। नेताओं ने कहा कि बाबा साहब ने दलितों, वंचितों और शोषितों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता और न्याय की राह दिखाते हैं। सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलते हुए संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए एकजुट रहें। साथ ही यह भी कहा गया कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत है।

नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सपा सरकार बनाने के लिए संगठन को और मजबूत करना जरूरी है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया। कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि पार्टी के निर्देशानुसार जिले की सभी छह विधानसभाओं में सेक्टर स्तर पर भी अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, जहां कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर, विनय पाल, जिला महासचिव सोमपाल सिंह कोरी, जिला उपाध्यक्ष आमिर कासिम एडवोकेट, मीडिया प्रभारी साजिद हसन, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नीटू, तहसीन मंसूरी, बसंत धारिया, दर्शन सिंह धनगर समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts