अलवर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र के मूसाखेड़ा गांव में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब छह साल की मासूम आफरीन पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। आफरीन अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी कुत्ता उस पर झपट पड़ा और उसके चेहरे, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों को गंभीर रूप से नोच डाला। बच्ची का गाल बुरी तरह फट गया और वह लहूलुहान हो गई। परिजन तुरंत उसे अलवर जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार आफरीन की हालत स्थिर है, लेकिन चेहरे पर गहरे घाव हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे पहले बुधवार को अलवर शहर के नगला समाधि क्षेत्र में भी एक पागल कुत्ते ने दो साल की बच्ची पर हमला कर उसके चेहरे को बुरी तरह जख्मी कर दिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।















