सीसी सड़क में दरार पर डीएम का कड़ा रुख, लापरवाह ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

मुजफ्फरनगर। जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर के वार्ड संख्या 55 और 27 स्थित खालापार क्षेत्र में फक्करशाह चौक से ए.के. सैनेट्री स्टोर तक 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत निर्मित सीसी सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 247 मीटर लंबी इस सड़क में गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण में पाया गया कि लगभग छह माह पूर्व निर्मित सीसी सड़क के बीचों-बीच दरार आ चुकी है। हैरानी की बात यह रही कि संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क की गुणवत्ता सुधारने या मानकों के अनुसार पुनर्निर्माण करने के बजाय, दरार को केवल तारकोल से भरकर खानापूर्ति कर दी गई। इस प्रकार की मरम्मत को जिलाधिकारी ने निर्माण मानकों का खुला उल्लंघन और गंभीर लापरवाही बताया।

जिलाधिकारी ने मौके पर ही नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्यों में इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी सड़कों की गुणवत्ता से समझौता करना अपराध की श्रेणी में आता है।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर को निर्देश दिए कि संबंधित ठेकेदार का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। साथ ही फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस ठेकेदार को किसी भी सरकारी कार्य का लाभ न दिया जाए, ताकि अन्य ठेकेदारों के लिए भी यह एक सख्त संदेश बने।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर, सहायक अभियंता (निर्माण) और संबंधित ठेकेदार मै. धीरज पाल सिंह, कॉन्ट्रैक्टर मौके पर उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता जांच को और अधिक सख्त बनाया जाए, ताकि समय रहते खामियों को पकड़ा जा सके।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, नाली, भवन या अन्य किसी भी निर्माण में यदि मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे और किसी को भी संरक्षण नहीं दिया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद नगर क्षेत्र में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों में भी हड़कंप मच गया है। आम नागरिकों ने जिलाधिकारी की इस सख्त कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे भविष्य में गुणवत्ता युक्त और टिकाऊ विकास कार्य सुनिश्चित हो सकेंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts