बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में तहसील नरैनी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों से कराया गया।
समाधान दिवस में कुल 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें विद्युत विभाग से 6, राजस्व विभाग से 31, पुलिस विभाग से 6, विकास विभाग से 8, आपूर्ति विभाग से 6 और अन्य विभागों से 15 शिकायतें शामिल थीं। मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
ग्राम करौली के एक फरियादी ने गांव के रास्ते में अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार नरैनी को निरीक्षण कर समाधान करने के निर्देश दिए गए। मंडी परिषद के बाहर अतिक्रमण और गंदगी की समस्या पर नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी को कार्यवाही करने को कहा गया। ग्राम बसराही के एक व्यक्ति ने परिवार रजिस्टर में नाम सुधार की मांग की, जिस पर खंड विकास अधिकारी नरैनी को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत भार, बिल संशोधन और फीडर बदलने की शिकायतों पर अधिशाषी अभियंता विद्युत को शीघ्र समाधान करने को कहा गया। गिरवां और हड़हा के राजस्व कर्मियों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी नरैनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीडी डीआरडीए, तहसीलदार नरैनी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील नरैनी का निरीक्षण किया। उन्होंने संग्रह अनुभाग, नजारत, भूलेख कार्यालय, अभिलेखागार, मतदाता पंजीकरण केंद्र, भूलेख कंप्यूटर कक्ष और अन्य विभागों का जायजा लिया। संग्रह अनुभाग में बकायेदारों से जीएसटी और बकाया वसूली की जानकारी लेकर शीघ्र वसूली के निर्देश दिए।
भूलेख कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव को दुरुस्त करने और पुराने रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने को कहा गया। भूलेख कंप्यूटर कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगाने और खतौनी जारी करने की दर अंकित कराने के निर्देश दिए गए। मतदाता पंजीकरण कक्ष में नए मतदाताओं के आवेदनों और एपिक कार्ड निर्माण की समीक्षा की गई।
राजस्व अधिकारियों को लंबित पुराने वादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित पटल सहायक मौजूद रहे।















