जयपुर राजस्थान में पर्यटन के विकास, संरक्षण और नए आयामों की संभावनाओं को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पर्यटन स्थलों के संरक्षण, सीमावर्ती इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा देने, ट्राइबल और रूरल टूरिज्म को विकसित करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में राज्य के पर्यटन को अधिक बढ़ावा देने और केंद्र पोषित योजनाओं के तहत राजस्थान को अधिक सहायता एवं अनुदान दिलाने पर भी बातचीत हुई। इस दौरान दिया कुमारी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि राज्य में माइस (Meetings, Incentives, Conferences, and Exhibitions) सेंटर्स के विकास पर भी ध्यान दिया जाए।
उन्होंने शेखावाटी क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण और पर्यटन की अपार संभावनाओं को लेकर भी चर्चा की। राजस्थान की पर्यटन संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री को एक पत्र भी सौंपा।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने सभी बिंदुओं को सकारात्मक रूप से सुना और राजस्थान के पर्यटन को नए स्तर पर ले जाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।















