बांदा। तहसील सदर बांदा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 67 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, चकबन्दी, विद्युत एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। मौके पर ही 8 शिकायतों का समाधान संबंधित विभागों की मौजूदगी में किया गया।
ग्राम कनवारा के एक निवासी ने आवास के पट्टे पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर लेखपाल को तत्काल जांच कर समाधान का निर्देश दिया गया। वहीं, गल्ला मंडी में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट और अधिशासी अधिकारी को मौके पर जाकर जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
लडाका पुरवा के एक फरियादी द्वारा मकान पर कब्जे की शिकायत पर संबंधित लेखपाल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश मिले। इसी प्रकार, हरदौनी ग्राम के एक व्यक्ति ने खेत तक जाने वाले रास्ते पर कब्जे की शिकायत की, जिस पर लेखपाल एवं एसएचओ को संयुक्त रूप से जांच कर समाधान के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, उप जिलाधिकारी नमन मेहता, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















