मुजफ्फरनगर में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों और उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रस्तुत एजेंडे के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।बैठक में जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत उपकेंद्र की 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण तथा विद्युत पोल शिफ्टिंग के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। इस संबंध में परियोजना निदेशक एनएचएआई को कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को उद्यमियों के साथ नियमित मासिक बैठकें आयोजित कर बिजली आपूर्ति और अन्य विभागीय समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा गया।
धंधेड़ा रोड से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग के नोडल अधिकारी को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए कहा गया। वहीं मै. राधा गोविंद ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित एनओसी और मानचित्र स्वीकृति के मामले में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को सभी संबंधित विभागों से आख्या प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेरठ रोड स्थित मै. बी.के. टाइल्स के समीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी लिंक रोड का मामला भी सामने आया। इस पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए पुनः टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। ग्राम लच्छेड़ा स्थित मिल्टेक इंडस्ट्रीज के सामने नए बिजली पोल लगाकर विद्युत तारों को ऊंचा कराने के निर्देश भी दिए गए ताकि उद्योगों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इसके अतिरिक्त औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हुए प्लेसमेंट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कौशल विकास और रोजगार सृजन के प्रयासों को और मजबूत बनाने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से औद्योगिक आस्थानों के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में सहयोग करने का आह्वान किया तथा कहा कि एमडीए और नगर पालिका के साथ समन्वय बनाकर औद्योगिक क्षेत्रों को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाए। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, एसी हाइडिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















