25 लाख की लागत से बनी सीसी सड़क का लोकार्पण,

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहर के मोहल्ला उत्तरी रामपुरी स्थित वार्ड संख्या-15 में नवनिर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया। राज्य वित्त आयोग मद से लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क दीपक पैलेस के पीछे स्थित क्षेत्र में बनाई गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय सभासद सुनीता अंबेडकर ने पालिकाध्यक्ष को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मीनाक्षी स्वरूप ने सभासदों और क्षेत्र के नागरिकों के साथ वार्ड का भ्रमण किया तथा लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान चिन्हित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी जरूरतों से भी पालिकाध्यक्ष को अवगत कराया।

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित और नगर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली, जल निकासी, स्वच्छता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में शहरी क्षेत्रों में विकास की नई योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिनका लाभ नगरवासियों तक पहुंचाया जा रहा है।

पालिकाध्यक्ष ने स्वच्छता को लेकर भी नागरिकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की भागीदारी भी आवश्यक है। लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और जनता के सुझावों का स्वागत करती है।

कार्यक्रम में सभासद सुनीता अंबेडकर, मनोज वर्मा, रजत धीमान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सचिन त्यागी पावटी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरेन्द्र शर्मा, प्रमोद अंबेडकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts