मुजफ्फरनगर में जिला न्यायाधीश संतोष राय ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों को दी जा रही सुविधाओं और सुरक्षा उपायों का विस्तार से जायजा लिया।जिला जज ने पुरुष व महिला बैरकों, रसोईघर और अस्पताल का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बंदियों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा–निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था की जांच के तहत जैमर प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली को परखा गया। जेल अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और ओपीडी सेवाओं की भी समीक्षा की गई। इलाज में लापरवाही न बरतने की स्पष्ट हिदायत दी गई।निरीक्षण के अंत में कारागार अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं बंदियों को उपलब्ध कराई जाएं। शातिर बंदियों पर कड़ी निगरानी, प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम और जेल परिसर की सफाई पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश जारी किए गए। जेल में तैनात पुलिस बल को उनकी ड्यूटी के प्रति सतर्क रहने के लिए कहा गया।















