अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र में स्थित राम तलाई जोहड़ की खुदाई का निरीक्षण करने पहुंची जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला का मनरेगा में कार्यरत महिलाओं ने पारंपरिक ग्रामीण गीतों के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया। महिलाओं के इस अनोखे अंदाज़ ने मौके को खास बना दिया। कलेक्टर आर्तिका शुक्ला भी प्रसन्न मुद्रा में उन मजदूर महिलाओं के बीच पहुंचीं और हाथ जोड़कर उनका आभार प्रकट किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत माधोगढ़ क्षेत्र के राम तलाई जोहड़, बावड़ियों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि जोहड़ के समीप नर्सरी, सेल्फी प्वाइंट और टीन शेड से युक्त विश्राम स्थल की कार्य योजना जल्द तैयार की जाए, ताकि आने वाले दिनों में ग्रामीणों और पर्यटकों को लाभ मिल सके।
इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने नल्देश्वर धाम के पास स्थित बावड़ी की मरम्मत एवं रंग-रोगन कार्य की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में पौधरोपण के लिए नर्सरी और फोटो खिंचवाने के लिए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित किया जाएगा।
इसी क्रम में उन्होंने इंदौक गांव का भी दौरा किया और वहां की बावड़ी के समीप राहगीरों और मजदूरों के लिए टीन शेड के निर्माण तथा आंगनबाड़ी केंद्र की चारदीवारी निर्माण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता नरेंद्र लखीवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर के इस दौरे से ग्रामीण विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।















