राजगढ़ (अलवर)। जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को राजगढ़ उपखंड क्षेत्र का दौरा कर कई कार्यालयों और ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान वे सबसे पहले ढिगावड़ा पहुंची, जहां ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा था। शिविर में करीब 15 विभागों द्वारा 48 तरह की सेवाएं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही थीं। कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें इन सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, बिजली के झूलते तारों को ठीक करवाना, आपसी सहमति से विभाजन, लम्बित बंटवारे के प्रकरणों के निस्तारण सहित कई उपयोगी कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी देखा कि ढिगावड़ा पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत ग्रामीणों ने सोलर सिस्टम लगवाए हुए हैं। इसे प्रेरणादायी पहल बताते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ लेने की अपील की। इसके बाद वे राजगढ़ पुलिस थाना और उपखंड कार्यालय पहुंचीं, जहां कार्यप्रणाली की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से एसडीएम कोर्ट में लम्बित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
कलेक्टर ने राजगढ़ क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्तावित जमीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दिल्ली से विशेषज्ञ टीम आएगी, जो जल्द ही अंतिम निर्णय लेगी। दौरे के दौरान राजगढ़ एसडीएम सीमा मीना, तहसीलदार कल्याण सहाय मीना सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर के इस निरीक्षण से ग्रामीणों और अधिकारियों में सकारात्मक संदेश गया कि प्रशासन विकास कार्यों और जनहित योजनाओं को लेकर गंभीर है।















