मुजफ्फरनगर। संभावित खराब मौसम, तेज आंधी, बारिश, वज्रपात, जलभराव एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन द्वारा सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को सक्रिय कर दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तेज आंधी, भारी वर्षा और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है, जिसके चलते नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनुरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस सेवाएं, विद्युत विभाग तथा नगर निकायों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। कच्चे और कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। साथ ही घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने तथा छतों पर रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित बांधने के निर्देश दिए गए हैं।
वज्रपात से बचाव को लेकर प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, तालाब, नदी और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। खेतों में कार्य कर रहे किसानों से कहा गया है कि बिजली चमकने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं। प्रशासन ने कहा कि “जब गरज सुनाई दे, तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं।”
किसानों को कटाई की गई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने, कृषि उपकरणों और पशुओं को सुरक्षित बांधने की सलाह दी गई है। वहीं पशुपालकों से पशुओं को खुले स्थानों पर न बांधने और पशुशालाओं की मजबूती सुनिश्चित करने को कहा गया है। नागरिकों को मोबाइल फोन चार्ज रखने, आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर रखने, प्राथमिक उपचार किट, टॉर्च, बैटरी और जरूरी खाद्य सामग्री पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला प्रशासन के इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर एवं कंट्रोल रूम नंबर 9412210080 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा पुलिस सेवा के लिए 112, एम्बुलेंस के लिए 108 तथा अग्निशमन सेवा के लिए 101 नंबर जारी किए गए हैं।























































