मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली स्थित बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने मुजफ्फरनगर के शांति मदन हॉस्पिटल में मेडिकल ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत कर क्षेत्र के कैंसर मरीजों को बड़ी राहत प्रदान की है। इस नई सुविधा का उद्घाटन बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. मुकेश पाटेकर तथा शांति मदन हॉस्पिटल के ओनर डॉ. सहज गर्ग की उपस्थिति में किया गया। इस पहल का उद्देश्य मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उनके शहर में ही विशेषज्ञ कैंसर परामर्श और आधुनिक उपचार सेवाएं उपलब्ध कराना है।
जानकारी के अनुसार डॉ. मुकेश पाटेकर प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक शांति मदन हॉस्पिटल में मरीजों के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान वह प्राथमिक परामर्श के साथ-साथ फॉलो-अप कंसल्टेशन भी देंगे। इससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सलाह के लिए दिल्ली जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. मुकेश पाटेकर ने कहा कि कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बीमारी के शुरुआती संकेतों की समय रहते पहचान करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार शुरू होने से मरीजों के स्वस्थ होने की संभावना बढ़ जाती है तथा उनकी जीवन गुणवत्ता में भी सुधार होता है। उन्होंने बताया कि इन ओपीडी सेवाओं के माध्यम से मरीजों को एडवांस्ड ट्रीटमेंट विकल्प, काउंसलिंग और संवेदनशील देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी ताकि उन्हें इलाज के पूरे दौरान बेहतर सहयोग मिल सके।
डॉ. मुकेश ने बताया कि बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मरीजों की स्थिति और बीमारी के चरण के अनुसार आधुनिक कैंसर उपचार प्रदान किए जाते हैं। इनमें प्रिसिशन-बेस्ड कीमोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, हार्मोन थेरेपी और एडवांस्ड मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मल्टीडिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड चर्चा के माध्यम से प्रत्येक मरीज को विशेषज्ञों की सामूहिक राय का लाभ दिया जाता है, जिससे समग्र और पेशेंट सेंट्रिक कैंसर देखभाल सुनिश्चित होती है।
वहीं शांति मदन हॉस्पिटल के ओनर डॉ. सहज गर्ग ने कहा कि बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के साथ यह सहयोग क्षेत्र के लोगों को उनके घर के नजदीक विशेषज्ञ ऑन्कोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से कैंसर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और विशेषज्ञ सलाह मिल सकेगी।























































