बुढ़ाना में जमीयत उलमा-ए-हिंद की बैठक आयोजित, रमज़ान की तैयारियों पर चर्चा

बुढ़ाना में जमीयत उलमा-ए-हिंद की एक विशेष बैठक कस्बे के छोटा बाजार स्थित मदरसा तालीमुल इस्लाम में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष हाफिज मुहम्मद अल्लाह मेहर सिद्दीकी ने की, जबकि संचालन नगर सचिव मौलाना आसिफ इस्लाही ने किया। नगर महासचिव हाफिज तहसीन ने बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

बैठक में माहे रमज़ान की आमद का स्वागत करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक इबादत करने और गुनाहों से बचने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि मार्च में शुरू होने वाला यह महीना बरकतों से भरा है, जिसमें अल्लाह अपने बंदों के गुनाहों को माफ करते हैं, इसलिए सभी को रोज़ा और इबादत में मशगूल रहना चाहिए।

संयुक्त महासचिव हाफिज राशिद ने कस्बे में यूनिट को और अधिक मजबूत करने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जो नगर अध्यक्ष के कार्यों में सहायक हो और जमीयत उलमा-ए-हिंद के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से चला सके। इस पर चर्चा करते हुए सदस्यों ने कहा कि इस प्रस्ताव पर ईद के बाद होने वाली कार्यसमिति की बैठक में फैसला लिया जाएगा।

मुख्य अतिथि मौलाना खालिद क़ासमी ने जमीयत उलमा-ए-हिंद की सेवाओं को सराहते हुए कहा कि बुढ़ाना यूनिट एक मजबूत संगठन के रूप में सामाजिक कार्य कर रही है। मुफ्ती वसीम और मुफ्ती फरमान ने रमज़ान की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए मुसलमानों से रोज़ा, नमाज़ और ज़कात की पाबंदी करने की अपील की।

वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी मौलाना आसिफ कुरैशी ने कहा कि बैठक में रखे गए प्रस्तावों पर अप्रैल में होने वाली बैठक में निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर जमीयत द्वारा रमज़ान में रोज़ा इफ्तार के समय का कैलेंडर भी जारी किया गया।

अपने अध्यक्षीय भाषण में हाफिज मुहम्मद अल्लाह मेहर सिद्दीकी ने समाज में फैल रही बुराइयों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शादियों में डी.जे. बजाने जैसी प्रथाएं गलत प्रभाव डाल रही हैं। उन्होंने उलमा-ए-दीन और मस्जिदों के इमामों से शुक्रवार की नमाज़ के दौरान नौजवानों को समाज में फैल रही बुराइयों से बचने की नसीहत देने का अनुरोध किया।

बैठक का समापन मौलाना खालिद की दुआ के साथ हुआ। इस दौरान मुफ्ती वसीम, मुफ्ती गुलफाम, हाजी शराफत, मुफ्ती फरमान, मौलाना खालिद, मुफ्ती फैजान क़ासमी, मौलाना शहजाद, अशरफ कुरैशी, हाफिज अब्दुल गफ्फार, क़ारी नदीम, हाफिज शहजाद, हाफिज कमाल, अबरार सिद्दीकी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts