कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था का डीआईजी ने लिया जायजा.

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने रविवार को जनपद के कांवड़ थाना रामपुर तिराहा, रामपुर तिराहा, वॉच टावर तथा कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कांवड़ मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रकाश व्यवस्था, वॉच टावर की कार्यप्रणाली और अन्य सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं लगातार सक्रिय और प्रभावी बनी रहें तथा संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था एवं यातायात संचालन पूरी तरह सुचारु रखा जाए।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें तथा किसी भी आकस्मिक या आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीआईजी ने बताया कि 3 अगस्त को श्रावण मास का पहला सोमवार होने के कारण जिले के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय किया गया है। वहीं फिसलन वाले स्थानों पर एंटी-स्किड मैट, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts