मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने कांवड़ सेल का निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कांवड़ यात्रा को लेकर की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट, सेक्टर एवं जोन व्यवस्था, यातायात डायवर्जन योजना, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम संचालन, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, संचार प्रणाली, आपातकालीन रिस्पॉन्स तथा चिकित्सा एवं अन्य विभागों के साथ समन्वय की जानकारी ली।
उन्होंने कांवड़ सेल में उपलब्ध अभिलेखों, मानचित्रों और संचालन संबंधी दस्तावेजों का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्राप्त होने वाली हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा कांवड़ मार्गों की लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित इकाइयों को पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।























































