धौलपुर के कोतवाली थाना इलाके में एनएच 44 स्थित सागर पाडा चेक पोस्ट के पास बजरी माफिया और पुलिस के बीच आमना-सामना हो गया। नाकाबंदी के दौरान बजरी माफियाओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हाईवे पर एक बजरी माफिया ने डिवाइडर क्रॉस कर ट्रैक्टर को दूसरी तरफ कुदा दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी और आरएसी के जवान लाठियां लेकर बजरी माफिया पर टूट पड़े, लेकिन आरोपी ट्रैक्टर ट्राली को बैक कर मध्य प्रदेश की तरफ फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सागर पाडा चेक पोस्ट पर बजरी माफिया को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कराई गई थी। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की सीमा से चंबल नदी से रेता भरकर कुछ बजरी माफिया धौलपुर जिले में घुसने की कोशिश कर रहे थे। नाकाबंदी देखते ही एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठे दो बजरी माफियाओं ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस और आरएसी के जवानों ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन माफियाओं ने फुटपाथ क्रॉस कर ट्रैक्टर को रॉन्ग साइड निकालने की कोशिश की। पुलिस ने लाठियां बरसाईं, जिससे ट्रैक्टर का ड्राइवर लाठियां खाते हुए चीखता रहा, लेकिन इसके बावजूद माफिया ट्रैक्टर ट्राली को बैक कर मध्य प्रदेश की सीमा में घुसने में सफल रहा।
कुछ दूर तक पुलिस ने पीछा किया, लेकिन एक्सीडेंट और किसी अनहोनी की आशंका के चलते पीछे हटना पड़ा। हालांकि, इस पथराव में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। कोतवाली थाना प्रभारी हरि नारायण मीणा ने बताया कि बजरी माफियाओं द्वारा किए गए पथराव के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर जल्द ही गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















