धौलपुर: जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हाल ही में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में कई निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई। इस दुखद और निंदनीय घटना के विरोध में धौलपुर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने काली पट्टी बांधकर न्यायालयों में कार्य कर अपना रोष प्रकट किया।
धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष प्रशांत हुंडावाल ने बताया कि इस कायराना हमले से वकील समुदाय में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल मानवता ही नहीं, बल्कि देश की एकता और शांति पर भी हमला है। ऐसे कृत्य हमारे हौसले को तोड़ नहीं सकते। अब समय आ गया है कि हम सभी एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़े हों।
घटना के विरोधस्वरूप सभी अधिवक्ताओं ने बार रूम में दो मिनट का मौन रखकर मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का जीवन अमूल्य है और हमें सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी निर्दोष इस तरह की घटनाओं का शिकार न हो।
अधिवक्ताओं ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि वे आतंकवाद के खिलाफ हर संभव प्रयास करेंगे और एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे। उन्होंने सभी देशवासियों से भी शांति और सुरक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी पदाधिकारी द्वारका प्रसाद गुर्जर, विशाल शर्मा, ऋषि कुमार शर्मा, रोहित कुमार, चंद्रशेखर नरवार, पुष्पेंद्र शर्मा, नरेश चंद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।























































