मुजफ्फरनगर के अबुपुरा स्थित बस्सो देवी धर्मशाला में श्री बालाजी दरबार संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन में गुरुदेव चंद किरण गर्ग और पंकज जिंदल के सान्निध्य में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गुरुपूजन से हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, युवा भाजपा नेता पंडित नितिन शर्मा और प्रवीण गर्ग ने गुरुदेव का विधिवत पूजन कर अंगवस्त्र, माला और तिलक अर्पित किया।इस अवसर पर सलब गर्ग, आशु वर्मा, ऋषभ, संजय गर्ग, सचिन सैनी समेत हजारों भक्त देशभर से गुरु चरणों में उपस्थित हुए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इंदौर से आए मनीष, दिल्ली के आशीष चौहान, गाजियाबाद के कन्हैया वर्मा और ऋषिकेश से पहुंची प्राची अग्रवाल ने संकीर्तन में उत्साहपूर्वक भाग लेकर वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भक्ति संगीत और संकीर्तन की मधुर धुनों से माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया, जिसने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस आयोजन में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। भारती गर्ग, पूनम शर्मा और सोनिया समेत सैकड़ों महिलाओं ने भक्तिभाव से कार्यक्रम में भाग लेकर गुरु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों के चेहरों पर गुरु भक्ति की चमक और मन में श्रद्धा की गहराई स्पष्ट झलक रही थी। आयोजन समिति ने सफल कार्यक्रम के लिए सभी भक्तों, सहयोगियों और विशिष्ट अतिथियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया और इसे गुरुकृपा का परिणाम बताया।















