मुजफ्फरनगर में 6 दिसंबर को सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा को लेकर बैठक, तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा

मुजफ्फरनगर जिला पंचायत सभागार में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 6 दिसंबर को होने वाली सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद में निर्धारित परीक्षा केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक प्रक्रिया से लेकर परीक्षा संचालन तक प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान बताया गया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में गणित विषय की परीक्षा सुबह 09:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसके लिए 15 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस पाली में लगभग 7000 अभ्यर्थियों के पंजीकृत होने की सूचना दी गई। दूसरी पाली में हिंदी विषय की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक होगी, जिसके लिए 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें करीब 2800 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का पूरा खाका बैठक में रखा गया।जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सहप्रभारी आयोग के दिशानिर्देशों को भलीभांति समझ लें और उनके अनुरूप ही परीक्षा का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत रहें और उनकी लाइव मॉनिटरिंग की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय (महिला एवं पुरुष पृथक), विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, प्रकाश व्यवस्था, साफसफाई आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें, ताकि परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की जा सकें।जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी सौंपी कि वे ट्रेजरी से प्रश्नपत्र प्राप्त करने के बाद उन्हें सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएं। केंद्र के अंदर प्रवेश के बाद सभी गतिविधियां सीसीटीवी की निगरानी में की जाएंगी। केंद्र व्यवस्थापकों को यह भी निर्देश दिया गया कि परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि के रूप में सुभाष सिंह ने संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज बहादुरपुर के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी ने सभी केंद्रों और परीक्षार्थियों की संख्या से संबंधित जानकारी साझा की।इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। परीक्षा को नकलमुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियों की अंतिम रूप से समीक्षा की और अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंप दीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts