औरैया। प्रदेश में लगातार हो रही बेतहाशा बिजली कटौती, बढ़ी हुई विद्युत दरों, फिक्स चार्ज और ऊर्जा मंत्री की विवादित टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने सदर तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।
जिला अध्यक्ष राजेश बाजपेई बबलू के नेतृत्व में आधा सैकड़ा से अधिक व्यापारी तहसील परिसर पहुंचे। व्यापारियों ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से आम जनता और व्यापार जगत दोनों ही बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। फिक्स चार्ज और बिजली दरों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को उन्होंने मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों के खिलाफ बताया।
ज्ञापन में स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। व्यापारियों ने बताया कि इन मीटरों से उपभोग से कई गुना अधिक रीडिंग आ रही है, जबकि इन्हें लगाने वाली कंपनियों को पहले ही गोवा में ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है। इसलिए प्रदेश में इनका प्रयोग तत्काल रोका जाए।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा द्वारा व्यापारियों को लेकर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए व्यापारियों ने कहा कि इससे उनका अपमान हुआ है और भविष्य में इस तरह की भाषा का प्रयोग न हो।
प्रदर्शन में रामकुमार बिश्नोई, मलखान सिंह वर्मा, स्वतंत्र अग्रवाल, सतीश वर्मा, रानू अवस्थी, दीपक अग्रवाल, रितेश गुप्ता, गोपाल जी वर्मा, कृष्णकांत चतुर्वेदी, मयंक शुक्ला, समरान नसीम, दीपक पुरवार, नितिन पुरवार समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।















