मुज़फ्फरनगर में रामराज थाना पुलिस और एसओजी टीम ने हथियारों की तस्करी करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा के करनाल में स्विगी का डिलीवरी बॉय है। पुलिस ने आरोपी सुधांशु, निवासी सैफपुर फिरोजपुर, मेरठ को जमालपुर नहर पुल के पास चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन बाइक फिसलने से गिर पड़ा और मौके पर ही दबोच लिया गया। सुधांशु के पास से 10 अवैध तमंचे, 5 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह हर्ष उर्फ चम्पू, मनीष, अजय, कपिल, गुड्डू और कौशेन्द्र के साथ मिलकर हथियार तस्करी का गिरोह चला रहा था। ये हथियार 4,000 रुपये में खरीदे जाते और ऊंचे दामों पर अपराधियों को बेचे जाते थे। सुधांशु पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने की योजना पर काम कर रही है।















