शुगर इंडस्ट्री के स्तंभ कुंवर विजय कुमार गोयल का निधन, उद्योग जगत में शोक की लहर,

कुंवर विजय कुमार गोयल के निधन से उत्तर भारत की शुगर इंडस्ट्री को गहरा आघात पहुंचा है। धामपुर बायो आर्गेनिक्स लिमिटेड के चेयरमैन कुंवर विजय कुमार गोयल ने 10 मई 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह लगभग 86 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों और धामपुर ग्रुप से जुड़े कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।कुंवर विजय कुमार गोयल को उत्तर भारत की शुगर इंडस्ट्री में दूरदर्शी उद्योगपति के रूप में जाना जाता था। उन्होंने धामपुर शुगर मिल के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और एक यूनिट से शुरुआत करते हुए देशभर में पांच शुगर मिलों की स्थापना कर उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। आधुनिक तकनीक और मशीनीकरण को बढ़ावा देने में उनका योगदान विशेष रूप से सराहा जाता है। उनके नेतृत्व में न केवल उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए।

उद्योग के साथ-साथ उनका सामाजिक और खेल गतिविधियों के प्रति भी विशेष लगाव था। बच्चों और युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करने हेतु उन्होंने स्क्वैश जैसे खेल को बढ़ावा दिया और विशेष कोर्टों का निर्माण कराया। शुगर मिल कर्मचारियों के बच्चों को प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसके परिणामस्वरूप कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।

कुंवर विजय कुमार गोयल अपनी संवेदनशील कार्यशैली और कर्मचारियों के प्रति आत्मीय व्यवहार के कारण श्रमिकों और अधिकारियों के बीच अभिभावक के रूप में सम्मानित थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही मंसूरपुर स्थित धामपुर बायो आर्गेनिक्स यूनिट में शोक का माहौल छा गया। कर्मचारियों और श्रमिकों ने उन्हें उद्योग का मार्गदर्शक बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।

11 मई 2026 को मिल परिसर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्पांजलि भी दी गई। कंपनी प्रबंधन की ओर से मिल में दो दिन के अवकाश की घोषणा की गई है। कुंवर विजय कुमार गोयल का निधन उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts